Saturday, November 14, 2015

छोटी-सी बात..

अब कहाँ वो राहतें, वो चैन खेल-कूद की होड़ में
हम भी शरीक हुए अब, रोटी कमाने की दौड़ में...

=======================

हर चीज़ की कुछ तो कीमत चुकानी ही पड़ती है,
मुफ़्त में तो सिर्फ माँ का प्यार नसीब हो सकता है...

=======================

सब फरेब हैं 'मन' के,
सब खेल हैं 'तन' के..

=======================

आईना पूछता रहा कौन हो तुम
आँखें जानती थी जवाब, खामोश रही..

=======================

दिन के शोर-शराबे से रात की चुप्पी अच्छी,
चेहरे तमाम झूठे और मन की हर बात सच्ची..

=======================

दुश्मनी की होड़ में नित खंजर बदल जाते हैं,
कौमें मर-मिट जाती है, मंज़र बदल जाते हैं,

=======================

इंसान हो के इंसान की जान ले,
इंसान वो असल में इंसान नहीं..

=======================

रातें भी बड़ी विचित्र होती हैं,
नित कितने 'राज़' लिखती है यें..

=======================

फैला इनका गज़ब व्यापार है,
चैनल आज सौ से भी पार है,
फूहड़ हर ज्ञान और मल्हार है,
ना वो 'सुरभि' ना 'चित्रहार' है

=======================

कुछ यूं भी हमें रास ना आई
रिश्वत करारे नोटों की,
वो गाँधी भी क्या सोचेगा
'प्यास' देख के मेरे होटों की..

=======================

स्वर-व्यंजन से बना अक्षर, अक्षरों से शब्द
शब्दों से बने वाक्य और फिर पूरी एक कहानी।
कहानी मैं हूँ, स्वर-व्यंजन तुम।

Thursday, October 15, 2015

वो 'विचार' कहाँ गया..?

देश की तरक्की के सिलसिले में सबका हाल देखो..
कोई राहुल गांधी को लेकर पागल है। कोई नरेंद्र मोदी को लेकर पागल है। कोई अरविन्द केजरीवाल को लेकर पागल है।

अब दौर वो रहा ही नहीं कि उस 'विचार' विशेष को लेकर पागल हुआ जाए जो असल में देश को तरक्की देने के लिए पैदा हुआ था। वो विचार कहीँ बहुत पीछे छूट चूका। अपने-अपने नेता के फैन लोग कहते हैं कि उन्हें अपने नेता पर पूरा भरोसा है। यह ठीक वैसा ही है जैसे एक भेड़ों का झुंड उस एक गड़रिये के पीछे-पीछे चलता जाता है जो जहाँ चाहे उन्हें ले जाए। सबको भेड़ बनने में बड़ा आनन्द आ रहा है। इस तरह उनके अनुसार गड़रिया सदैव सही है।

जिस हरी घास की तलाश का उन्हें कभी 'विचार' आया था वो विचार अब गौण हो चुका है। उन्हें तो हर रूखी-सूखी घास मंजूर है, क्योंकि कुछ ही समय में थोड़ी ना कोई घास के मैदान ऊग जाते हैं। घास के मैदान ऊगने में वर्ष लगते हैं। गड़रिया कोशिश कर तो रहा है। होते होते होगा।

ज़रा कभी किसी पेड़ की छाँव तले इत्मीनान से वक़्त मिले तो सोचियेगा.. वो विचार कहाँ गया और ये गड़रिया कहाँ ले जा रहा है?

Sunday, July 5, 2015

अभी कल की ही तो बात है…

अभी कल की ही तो बात है…
ये घर कच्चा था, रिश्ते पक्के थे,
सबसे मेलजोल था, हौसले जगे थे,
रातों को सन्नाटे नहीं, होते रतजगे थे,
हमारे पैर नहीं, ये रास्ते थके थे

अभी कल की ही तो बात है…
अच्छे अंकों से, कुछ बड़ा बनना था,
पापा की गाड़ी, चलाना इक सपना था,
उम्मीदों के मौसम में, दिन-रात तपना था,
ये ज़मीं अपनी थी, ये आसमाँ अपना था

अभी कल की ही तो बात है...
नानी की हर कहानी में इक नयापन था,
दादी की घुड़की में भी अपनापन था,
गुल्ली-डंडे और कंचे का बचपन था,
अलहदा-सा, नया-सा, वो लड़कपन था

अभी कल की ही तो बात है...
मास्टरजी की कक्षा में पढ़े ही थे,
गणित-अंग्रेजी में हम अड़े ही थे,
बच्चों के लिए बड़े, सदा बड़े ही थे,
घर के हर जरूरी नियम, कड़े ही थे,

अभी कल की ही तो बात है...
हमारे दोस्त कम थे, पर जो थे अच्छे थे,
घर आए मेहमान, मन से सब सच्चे थे,
हम शरारत में अव्वल, पेशगी में कच्चे थे,
बड़े बनने को आतुर, लेकिन हम बच्चे थे

अभी कल की ही तो बात है...

Thursday, January 1, 2015

।।नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ।।

°█┼█-███-███-███┼█┼█
°█┼█-█┼█-█┼█-█┼█┼█┼█
°███-███-███-███┼███
°█┼█-█┼█-█┼┼-█┼┼┼┼█┼
°█┼█-█┼█-█┼┼-█┼┼┼┼█┼
°• anandrathore.blogspot.in •°
°•.██┼┼█┼███┼█┼┼┼█.•°
°•.███┼█┼█┼┼┼█┼┼┼█.•°
°•.█████┼███┼█┼█┼█.•°
°•.█┼███┼█┼┼┼█┼█┼█.•°
°•.█┼┼██┼███┼██┼██.•°
°•.¸\"̮¸.•°♥°•.¸.•°♥°•.¸.•°♥°•.¸\"̮¸.•°
°•.█┼█┼███┼███┼███.•°
°•.█┼█┼█┼┼┼█┼█┼█┼█.•°
°•.███┼███┼███┼██¸¸.•°
°•.┼█┼┼█┼┼┼█┼█┼█┼█¸.•°
°•.┼█┼┼███┼█┼█┼█┼██•°
°•.¸\"̮¸.•°♥°•.¸.•°♥°•.¸.•°♥°•.¸\"̮¸.•°
°•.¸███┼███┼██┼███¸.•°
°•.¸┼┼█┼█┼█┼┼█┼█┼┼¸.•°
°•.¸███┼█┼█┼┼█┼███¸.•°
°•.¸█┼┼┼█┼█┼┼█┼┼┼█¸.•°
°•.¸███┼███┼███┼██¸.•°
°•.¸\"̮¸.•°♥°•.¸.•°♥°•.¸.•°♥°•.

।।नववर्ष की आप सबको और आपके परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ।।

Wednesday, March 12, 2014

शजर जो ये सबको छाँव देता है..

शजर जो ये सबको छाँव देता है,
छाँव इसे भी कोई चाहिए तो होगी

सूरज जो ये सबको तपिश देता है,
तपिश इसे भी कोई चाहिए तो होगी

कोयल जो ये गीत सुनाती है सबको,
गीत कोई खुद भी सुनना चाहती तो होगी

ज़िंदगी जो ये स्वच्छंद-सी भ्रमर की,
फितरतों में फूलों के भी आती तो होगी

राहें जो ये जाती हैं मंजिलों तक,
मंजिलें इनकी अपनी भी होती तो होगी

इंसानियत जो ये दबी मज़हबी दीवारों तले,
मज़हब कोई इंसानियत का भी होता तो होगा

जीवन जो ये मर रहे नशे की लत में,
नशा कोई 'जीने' का भी होता तो होगा

बचपन जो ये गुजरता बस्ते के बोझ तले,
कोई बस्ता बचपन से भरा भी होता तो होगा

भविष्य की चिंता में सब हैं डूबे हुए,
वर्तमान में जीना भी कोई चाहता तो होगा

ईश्वर की खोज तो सब हैं करते आ रहे,
खुद की खोज भी कोई करता तो होगा

Thursday, March 6, 2014

कितना अजीब-सा होता है जानां...

कितना अजीब-सा होता है जानां...

तुमको चुपके-चुपके से निहारना,
तुम देख ना लो इस से घबराना,
पहली बात करने की वो तमन्ना,
कोई और तुमको देखे तो जलना..

कितना अजीब-सा होता है जानां...

हिम्मतें जुटा कुछ शरारत करना,
तुम्हारे सामने सारी निडरता खो देना,
कहना हो कुछ.. कह कुछ और देना,
और पहला संवाद आखिर कर ही लेना..

कितना अजीब-सा होता है जानां...

खुशियों में तुमको शामिल करना,
उदासियों में तुमको याद करना,
हैरतों में तुमसे जवाब जानना,
मन्नतों में सिर्फ तुम्हें ही माँगना..

कितना अजीब-सा होता है जानां...
मिलने को तुमसे घण्टों इंतज़ार करना,
मिलने पर बातों के विषय तलाशना,
और धड़कनें थाम के फिर किसी रोज,
सारे हौसले जुटा तुमसे इज़हार करना..

कितना अजीब-सा होता है जानां...

आदतों में तुमको ही शुमार करना,
चाहतों में तुम्हारी खुद को बीमार करना,
हर मज़हब में तुम्हारी इनायत करना,
तुम्हारे अक्स में सारी कायनात देखना..

कितना अजीब-सा होता है जानां...

तुम्हीं से शुरू हो तुम्हीं में ख़त्म होना,
ज़िंदगी का तुम्हारी राजसी रत्न होना,
तुम्हारी खुशियों की शाही बज़्म होना,
तुम्हारी ज़िंदगी की एक नायाब नज़्म होना...

Tuesday, March 4, 2014

काश ऐसा होता..

काश ऐसा होता कि हिंदू कहते यहाँ मस्जिद बनाएंगे.. मुस्लिम कहते कि नहीं, यहाँ मंदिर बनाएंगें।

पर राजनीति के वजीरों ने अंग्रेजी-हुकूमत की नीति खेली.. "फुट डालो और राज करो।" आज तमाम देशवासी धर्म के नाम पर इस राजनीतिक जाल में फंस 'धार्मिक घमंड' का शिकार हुए बैठे हैं। अपने धर्म पे इतना घमंड..? इतना कि दुसरे का धर्म ही बेहूदा लगने लगे..? इतना कि दुसरे के धर्म की धज्जियां उड़ाने लग जाएँ..? क्या आपका धर्म ये सब नसीहतें देता है..? क्या ये सब करके आप अपने धर्म का अनुसरण कर रहे हैं..? क्या ऐसे ओछे काम करने की इजाजत दे देता है आपका धर्म..? तो फिर किसका धर्म बेहूदा हुआ..?

धर्म का तो सिर्फ एक ही अर्थ होता है- मानवता। दूसरों को नुकसान ना पहुंचाना। समानता का रवैया अपनाना। सब के प्रति आदर भाव रखना।

पर आज तो कोई भी नौसीखिया "सोशल साईट्स" पर अपना ही पेज बना हर ग्रन्थ, हर धर्म और हर ईश्वर पर अपनी कच्ची बुद्धि से तैयार किये गए स्वनिर्मित, अनैतिक और अनुचित विचार थोप रहा है। इनके आक्रामक तेवर से एक पक्ष आकर्षित हो उसके साथ जुड़ता है तो दूसरा पक्ष आहत हो प्रतिक्रिया देता है। दोनों पक्षों को नहीं पता कि असल में उनका मकसद क्या है?

कैलेण्डर में तो सब धर्म से जुडी छुट्टियां होती है। त्यौहार चाहे किसी कौम का हो, छुट्टी सब मनाते हैं। तो ये दोगलापन क्यों? खुश ना रहने की वजहें खुद चला के क्यों इजाद करते फिरते है । धर्म तो अलग अलग इसीलिए बनाए गए होंगे कि दुनिया में रंगत बनी रहे और दूसरों के रिवाजों में भी शरीक हो खुशियाँ और ज्यादा इजाद की जा सके। अपने ही अपने रीवाजो से कुछ थोडा अलग जो देखने को मिले।

पर नहीं। हमारे वजीरों ने जो "बीज" हम में बोये है हर युग में, मकसद जिसका हमें उनके पक्ष में हो उनको (भेड़-झुण्ड के रूप में सिर्फ और सिर्फ) एक तादाद देना है, जिसके बूते वो अपनी हुकूमत के पत्ते खेल सके,उन बीजों से नए पौधे तो निकलने ही हैं। नयी खेप तो उगनी ही है। एक ऐसी नयी खेप जो खुद आगे चलकर ऐसे ही "बीज" देगी।

...दुनिया तरक्की कर रही है। हमें सिर्फ दुनिया की तरक्कियों के उदाहरणों से मतलब है, उनपे अमल करने से नहीं। हिन्दू बेकार है। मुस्लिम भी बेकार है। काश अच्छे होते। पर शायद दोनों सही है कि दूसरा वाला बेकार है। यानी दोनों ही बेकार है। इन "बुद्धिजीवियों" को देखकर तो ऐसा ही लगता है। तो फिर छोड़ दीजिये ना धर्म की ये आडंबरता जो बेकार है। कभी तो इंसान बनिए। पडोसी को उसके भाई ने तोहफा दिया तो सोचने लगे की काश मेरा भी ऐसा कोई भाई होता। ..पर ये क्यों नहीं सोच सकते कि काश वो तोहफा देने वाला भाई मैं होता।

काश ऐसा होता कि हिंदू कहते यहाँ मस्जिद बनाएंगे.. मुस्लिम कहते कि नहीं, यहाँ मंदिर बनाएंगें।

वर्ना तो फिर ठीक है.. जो चलता आया है, वो ही चलते भी रहना है। अच्छा है। चलते रहिये...

Thursday, January 9, 2014

शेर-ओ-शायरी (भाग-2)

वफ़ा का ताबीज़ इस गले में अब भी लटका है,
कुछ अल्फाजों का पुलिंदा हलक में अब भी अटका है।

===========================

अब होली में बचपन वाली शोखी नहीं बची,
परदेसी रंगों ने इसमें अगल़ात घोल दी है।

(शोखी = चंचलता; अगल़ात = अशुद्धियाँ)

===========================

सफ़र-ऐ-मुहब्बत में अब जलजलों से आजमाईश नहीं की जाती,
जिद का वो दौर और था, समझौतों का ये दौर और है।

===========================

ये किसे तुम शेर सुनाते हो मुहब्बतों के 'आनन्द',
बाशिंदे ये 'मौका-परस्ती' की पाठशालाओं से निकले हैं।

===========================

उसूल-आदर्श-इंसानियत के वो किस्से अब हवा हुए,
यही तल्ख़ हकीकत है बच्चे ये 'सिर्फ उम्र से' जवाँ हुए..

===========================

आज भी कुछ चूल्हे नहीं जले, कुछ पेट नहीं पले,
आज भी कही मकान ऊंचे हुए, कही ईमान नीचे हुए।

===========================

सैलाब-ऐ-इश्क में जूनून की कश्ती संभालूं कैसे,
इन मदहोश हवाओं में होश में आऊँ कैसे,
तुम्हारे चाहत के इस समंदर में खोया हुआ,
ऐ जलपरी तुम्हे तलाश के मैं चुराऊं कैसे..

===========================

आज़ाद उड़ती तितलियों सी ये यादें तुम्हारी,
महकते ताज़े गुलाबों सी ये बातें तुम्हारी,
अपनी दुनिया के सभी आईनों से पूछ लेना,
कितनी हसीन होती है ये मुलाकातें तुम्हारी..

===========================

महफ़िलों में जिंदादिली के रंग भरिए,
उदास चेहरों पे आशाओं की उमंग भरिए,
कल तुम्हारा भी सफ़र ख़त्म हो जाएगा,
याद आओ सबको ऐसा 'संग' भरिए